सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 20, पीड़ितों के लिए भारी मुआवजे का ऐलान

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 पहुंच गई है। प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, जान गंवाने वालों में 5 स्थानीय निवासी और 15 अन्य राज्यों के श्रमिक शामिल हैं। वर्तमान में 15 घायलों का उपचार प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

राहत कार्य और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

प्रशासन ने गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए 5 एयर एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर रखी हैं। साथ ही हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से संपर्क साधा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को तत्काल शिफ्ट किया जा सके। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और एसपी ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

परिजनों को आर्थिक सहायता और नौकरी

हादसे के शिकार हुए परिवारों के लिए विभिन्न स्तरों पर मुआवजे की घोषणा की गई है:

  • वेदांता प्रबंधन: प्रत्येक मृतक के परिजन को 35 लाख रुपये की सहायता राशि और एक सदस्य को नौकरी। घायलों को 15-15 लाख रुपये।
  • प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO): मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद।
  • छत्तीसगढ़ सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

अंतिम संस्कार और गृहग्राम रवानगी

सक्ती जिले के रहने वाले तीन मृतकों में से दो का अंतिम संस्कार बुधवार को कर दिया गया। अन्य राज्यों के श्रमिकों के पार्थिव शरीरों को ससम्मान उनके गृहग्राम भेजने के लिए प्रशासन ने एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *