रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेश में जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही सरकारी खरीदी पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि इस पोर्टल के जरिए होने वाली सप्लाई में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं और स्थानीय व्यापारियों की अनदेखी की जा रही है।
कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे प्रभावशाली लोग अपने करीबियों को ऊंचे दामों पर सरकारी सप्लाई के ठेके दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमीशनखोरी के चक्कर में स्थानीय सप्लायरों को दरकिनार कर ज्यादातर ऑर्डर दूसरे राज्यों के व्यापारियों को दिए जा रहे हैं।
सीएसआईडीसी के माध्यम से खरीदी बंद करने पर सवाल
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व में सीएसआईडीसी के जरिए होने वाली खरीदी को जानबूझकर बंद किया गया है ताकि भ्रष्टाचार का रास्ता साफ हो सके। कांग्रेस के मुताबिक, जेम पोर्टल के माध्यम से अब तक जितनी भी सरकारी खरीदी हुई है, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने दावा किया कि बाहरी सप्लायरों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे राज्य के खजाने को नुकसान हो रहा है।
कांग्रेस ने शासन से आग्रह किया है कि वह इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जेम पोर्टल के ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कराए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।