कांगो में भारतीय सेना की बहादुरी: भीषण आग से कई लोगों को सुरक्षित निकाला

अफ्रीकी देश कांगो के गोमा शहर में लगी भीषण आग के बीच भारतीय सेना के जवानों ने अपनी तत्परता और साहस का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई। यह घटना संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत तैनात भारतीय सैनिकों की मानवीय भूमिका को एक बार फिर उजागर करती है।

गोमा के बुजोवी क्वार्टर इलाके में एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जो तेजी से आसपास के कई घरों तक फैल गई। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत तैनात भारतीय रैपिड डिप्लॉयमेंट बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्विक रिएक्शन फोर्स (QRF) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि फायर फाइटिंग टीम ने आग पर काबू पाने का काम संभाला। इस दौरान कई घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार भी दिया गया।

भारतीय जवानों ने स्थानीय फायर ब्रिगेड के साथ समन्वय बनाते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सका।

गौरतलब है कि युनाइटेड नेशन के शांति मिशन (MONUSCO) के तहत भारत के करीब 1200 सैनिक और पुलिसकर्मी कांगो में तैनात हैं, जो वहां सुरक्षा, गश्त और नागरिकों की रक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि भारतीय सैनिक न सिर्फ सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में मानवता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *