सहारनपुर। सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर नागल क्षेत्र के गांव बोहडुपुर के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बीती आधी रात को काली नदी के निर्माणाधीन पुल पर बजरी से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पास ही सो रहे मजदूरों के टेंट पर पलट गया। इस हादसे में बजरी के नीचे दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब चालक वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने के बजाय ट्रक को निर्माणाधीन पुल के ऊपर ले गया। अचानक ट्रक पलटने से वहां सो रहे पांच मजदूर बजरी के मलबे में दब गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और भारी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने असगर, इस्तखार और शौकीन (निवासी जाटोवाला, थाना मिर्जापुर) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुलफाम और कर्मवीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर पिछले डेढ़ माह से कार्य चल रहा है। गनीमत रही कि दो दिन पूर्व ही 15 मजदूर छुट्टी पर गए थे, अन्यथा हताहतों की संख्या अधिक हो सकती थी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि ट्रक खेड़ा मुगल क्षेत्र के लिए बजरी लेकर जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।