दिल्ली के मंगोलपुरी में महिला की गला घोंटकर हत्या, प्रेमी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक महिला की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दीपक और उसके दो साथियों, सुरेंद्र और जोगिंदर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पत्थर मार्केट स्थित एक पीजी के कमरे में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। पीजी संचालक अमरजीत ने बताया कि उसका परिचित दीपक एक महिला के साथ वहां आया था, लेकिन कुछ समय बाद वह अकेला ही वहां से चला गया। संदेह होने पर जब कमरे की जांच की गई, तो बेड के बॉक्स के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ।

डीसीपी विक्रम सिंह के मुताबिक, इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिद्धू के नेतृत्व में गठित टीम ने फोरेंसिक और क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को मंगोलपुरी से ही दबोच लिया गया।

पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतका और मुख्य आरोपी दीपक एक-दूसरे को पिछले 8-9 वर्षों से जानते थे। मंगलवार शाम दीपक महिला को लेकर पीजी पहुंचा था, जहां उसके दोस्त सुरेंद्र और जोगिंदर भी आ गए। आरोप है कि दीपक ने महिला पर अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बेड के अंदर डाल दिया।

पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *