इंदौर में टैक्सी ड्राइवर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में सब इंस्पेक्टर पर लगाया रिश्वत और मारपीट का आरोप

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक टैक्सी ड्राइवर द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी निवासी अभिषेक पाटिल ने मंगलवार को अपने किराए के फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने से पहले अभिषेक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर (एसआई) पर गंभीर प्रताड़ना और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात अभिषेक की टैक्सी का एक अन्य कार से एक्सीडेंट हो गया था। अभिषेक ने वीडियो में दावा किया कि दुर्घटना में उनकी कोई गलती नहीं थी, फिर भी राजेंद्र नगर थाने के एसआई ने उनकी कार छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। अभिषेक का आरोप है कि पैसे देने में असमर्थता जताने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जेल भेजने की धमकी दी गई।

वीडियो में मृतक ने यह भी बताया कि दूसरी कार का मालिक पुलिस अधिकारी का परिचित था। पुलिस ने उन पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का झूठा आरोप लगाने की भी कोशिश की। अभिषेक ने कहा कि वह कार की मरम्मत कराने के लिए तैयार थे, लेकिन पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता गया।

अभिषेक ने देर रात अपना आखिरी वीडियो रिकॉर्ड कर परिजनों को भेजा, जिसमें उन्होंने अपनी बेगुनाही और मानसिक प्रताड़ना की बात कही। मंगलवार को उन्होंने पलाश परिसर स्थित अपने घर पर फांसी लगा ली। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *