जांजगीर में शिक्षक की शर्मनाक करतूत: छात्रा से दुर्व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। खिसोरा प्राथमिक शाला के एक शिक्षक को छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और अश्लील हरकतों के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक की पहचान राकेश कुर्रे के रूप में हुई है।

परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद इस गंभीर मामले की जांच एसडीएम द्वारा की गई थी। जांच रिपोर्ट में शिक्षक के ऊपर लगे आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। बलौदा पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना के उजागर होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल आरोपी शिक्षक जेल में है और विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *