रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। अगले तीन दिनों तक तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है। वर्तमान में पश्चिम बंगाल से लेकर तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ के ऊपर से एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
बीते रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर में सर्वाधिक 36.9 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पौड़ी उपरोरा क्षेत्र में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।