रायपुर। अंबिकापुर में महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस संवेदनशील मामले पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार आरोपी स्थानीय है और उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस प्रशासन जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लेगा।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग किए जाने पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दंड देने का अधिकार सरकार के पास नहीं बल्कि न्यायालय के पास होता है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि टीएस सिंहदेव जैसे सुलझे हुए राजनेता को क्या यह पता नहीं है? सरकार और पुलिस का काम न्यायालय के समक्ष पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत करना है। सरकार का प्रयास रहेगा कि दोषी को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिले।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी डिप्टी सीएम ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में जनता इस बार परिवर्तन के मूड में है और वहां भाजपा की सरकार बनने की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा के बढ़ते जनाधार का जिक्र करते हुए कहा कि दक्षिण के राज्यों में भी पार्टी का विस्तार हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के असम दौरे और उनके बयानों पर तंज कसते हुए विजय शर्मा ने कहा कि असम की जनता लंबे समय से घुसपैठ की समस्या से परेशान थी, जिसे भाजपा सरकार ने दूर किया है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भूपेश बघेल जहां भी चुनावी जिम्मेदारी निभाने जाते हैं, वहां भाजपा की जीत सुनिश्चित हो जाती है।
ताड़मेटला की बरसी पर गृहमंत्री ने कहा कि 6 अप्रैल 2016 की वह घटना नक्सलवाद का सबसे काला अध्याय थी, जिसे कोई भूल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं, ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले या तो खत्म हो चुके हैं या मुख्यधारा में लौट आए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि उनके द्वारा किए गए दावों के सबूत फाइलों में ही दबे रह गए।