रतलाम ड्रग्स फैक्ट्री कांड में बड़ी कार्रवाई: मास्टरमाइंड दिलावर खान सहित 4 आरोपियों की 16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में बहुचर्चित चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री कांड के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई मास्टरमाइंड दिलावर खान पठान सहित चार मुख्य आरोपियों की 16 करोड़ 16 लाख रुपए की अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है।

बीते 16 जनवरी को एमडीएमए ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार ने मास्टरमाइंड दिलावर खान, उसकी पत्नी मुमताज बी, अजहर खान और इमरान खान के खिलाफ साफेमा (SAFSMA) के तहत कार्यवाही शुरू की थी। पुलिस ने लगभग 55 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव न्यायालय को भेजा था, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्रथम चरण में 16 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए हैं।

जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों ने यह चल-अचल संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध व्यापार के जरिए जुटाई थी। आरोपियों के पास इस संपत्ति को अर्जित करने का कोई वैध आय स्रोत नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अब तक कुल 100 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति फ्रीज कराई जा चुकी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों और उनकी अवैध कमाई की भी निरंतर पड़ताल कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *