जबलपुर: शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 3 करोड़ की ठगी करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के तीसरे आरोपी मोहित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक डॉक्टर से करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी की थी।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों ने शेयर बाजार में निवेश पर 500 प्रतिशत तक मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया था। इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी संस्कार केशरवानी और सौरभ विश्वकर्मा से पूछताछ के बाद मोहित पटेल का नाम उजागर हुआ था। आरोपी मोहित पटेल यस बैंक में करंट अकाउंट खोलकर मोटे कमीशन के बदले साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था।

पकड़ा गया आरोपी मोहित पटेल पेशेवर रूप से गुमास्ता, एमएसएमई और इनकम टैक्स से संबंधित दस्तावेज बनाने का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उस पर पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीम आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों और रकम की बरामदगी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *