जगदलपुर और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके, दहशत में आए लोग

छत्तीसगढ़ में भूकंप के तेज झटके, बस्तर संभाग के कई जिलों में महसूस किए गए

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में बीती रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक जमीन में हुए कंपन से स्थानीय लोग दहशत में आ गए और सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप बीती रात 11 बजकर 31 मिनट पर आया। इसका केंद्र पड़ोसी राज्य ओडिशा का कोरापुट जिला था। जमीन के भीतर 5 किलोमीटर की गहराई पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई है।

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग आधी रात को सड़कों पर एकत्र हो गए। हालांकि, कुछ ही पलों में स्थिति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि बस्तर क्षेत्र को भूगर्भीय दृष्टि से काफी सुरक्षित माना जाता रहा है, लेकिन हाल के दिनों में जमीन हिलने की इस घटना ने आम जनता के साथ-साथ भूवैज्ञानिकों को भी चिंता में डाल दिया है। विशेषज्ञ अब इस क्षेत्र की भौगोलिक हलचलों का बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *