दुर्ग। भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में जेईई मेंस की परीक्षा के दौरान नकल करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक परीक्षार्थी अपनी चप्पल के तलवे को काटकर उसमें मोबाइल फोन छिपाकर केंद्र के भीतर ले जाने की कोशिश कर रहा था, जिसे सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से पकड़ लिया गया। परीक्षा प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को आयोजित जेईई मेंस की पहली पाली की परीक्षा में आदित्य नाम का छात्र शामिल होने पहुंचा था। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं ताकि वह मेटल डिटेक्टर की जांच में न पकड़ा जाए। वह सफलतापूर्वक लैब में अपनी सीट पर बैठ गया। परीक्षा के दौरान सुबह करीब 11 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी और काफी समय बाहर बिताया। जब वह वापस आया, तो सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। इस बार भी आदित्य ने जांच से पहले ही अपनी चप्पलें दूर उतार दी थीं।
आरोपी की संदिग्ध चाल से खुला राज सुरक्षा जांच के बाद जब आदित्य अपनी चप्पलें पहनकर लैब की ओर बढ़ने लगा, तो गार्ड की नजर उसकी चाल पर पड़ी। वह अपनी चप्पलों को जमीन पर घसीटते हुए अजीब तरीके से चल रहा था। गार्ड को संदेह होने पर उसने छात्र को रोककर चप्पलों की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान चप्पल के तलवे के बीच मोबाइल फोन छिपा हुआ मिला। छात्र ने मोबाइल रखने के लिए चप्पल के निचले हिस्से को काटकर विशेष जगह बनाई थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला मोबाइल बरामद होने के बाद कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए के अधिकारियों को सूचित किया गया। अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को बुलाकर आरोपी छात्र को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने छात्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।