कोरबा में जूस सेंटर की बर्फ में मिला मेंढक, खाद्य विभाग ने जांच के दिए निर्देश

कोरबा। शहर के घंटाघर चौपाटी स्थित एक जूस सेंटर में बर्फ के भीतर मेंढक जमा हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखा जा रहा है। व्यापारियों ने बर्फ फैक्ट्री संचालक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा के अनुसार, यह मामला एक जूस सेंटर में तब उजागर हुआ जब संचालक ने उपयोग के लिए बर्फ निकाली। जूस सेंटर संचालक ने बताया कि यह बर्फ निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से खरीदी गई थी, जो सीधे फैक्ट्री से थोक में बर्फ लाकर बेचती है। संघ ने मांग की है कि स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले फैक्ट्री संचालक और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

वहीं, संबंधित बर्फ डिपो के संचालक डी. गुप्ता का कहना है कि वे कई अलग-अलग फैक्ट्रियों से बर्फ मंगाते हैं, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि यह विशेष टुकड़ा किस फैक्ट्री से आया था। उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि शिकायत वाली बर्फ उनके ही डिपो की है। दूसरी ओर, खाद्य अधिकारी विकास भगत ने मामले की गंभीरता को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले की सभी बर्फ फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण कर जांच की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *