केरल: सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

मलप्पुरम। केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले को रोककर उनके गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वांडूर इलाके के पास थिरुवाली में हुई। सांसद शशि थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक संकरी सड़क पर पुल के पास यातायात में रुकावट आने पर काफिले के गनमैन रतीश के.पी. ने आगे वाले वाहन को आगे बढ़ाने का संकेत दिया। इसी बात पर दो वाहनों में सवार पांच लोगों के समूह ने सांसद की गाड़ी रोक ली और गनमैन व ड्राइवर पर हमला कर दिया।

घटना के बाद गनमैन की शिकायत पर वांडूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि इस हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश या सोची-समझी साजिश तो नहीं थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *