बलरामपुर में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, तेंदुए की दो खाल के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से तेंदुए की दो खाल बरामद की गई हैं। पकड़े गए आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

यह सफलता वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम को मिली है। वन मंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के जमई मोड़ के पास संदिग्धों की तलाशी ली गई। शुरुआत में एक मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को दबोचा गया और दूसरी खाल जब्त की गई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी पेशेवर तरीके से अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव अंगों की तस्करी में संलिप्त थे। वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी 9 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और तस्करी के नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *