सूदखोरों के आतंक से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

भैरूंदा। सीहोर जिले के बुधनी अंतर्गत भैरूंदा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक द्वारा सूदखोरों से परेशान होकर जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से पूर्व युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें उसने उधार लिए गए रुपयों के बदले दी जा रही धमकियों और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में अशोक राठौर नामक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह बता रहा है कि उसने करीब 40 हजार रुपये 20 प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे। युवक का आरोप है कि उधार देने वाले लोग उसे लगातार धमकियां दे रहे थे और उसके हाथ-पैर तोड़ने की बात कह रहे थे। युवक ने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने एक ढाबे पर उसके साथ दो बार अभद्र व्यवहार किया, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

वीडियो में तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया वीडियो में युवक ने अपनी स्थिति के लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए जहर जैसा पदार्थ पीने की बात कही है। यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। युवक द्वारा जहर सेवन किए जाने के बाद उसे तत्काल भैरूंदा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सीहोर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच इस पूरे मामले में पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *