Raipur Murder Mystery: अभनपुर में जमीन के अंदर मिली थी लाश, अब पुलिस ने किया खुलासा; प्रेम प्रसंग के चलते दी गई दर्दनाक मौत

रायपुर। राजधानी के अभनपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज नितेश बत्रा हत्याकांड की गुत्थी को रायपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। शदाणी दरबार आवासीय परिसर के निवासी और मूल रूप से पाकिस्तान के रहने वाले नितेश की हत्या प्रेम त्रिकोण के चलते की गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक युवती और युवक सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4 बजे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले पखवाड़े अभनपुर इलाके में जमीन के भीतर गड़ी हुई एक लाश बरामद हुई थी। मृतक के हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान नितेश बत्रा के रूप में की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि नितेश की मौत गला घोंटने से नहीं, बल्कि जीवित अवस्था में जमीन में गाड़े जाने के कारण दम घुटने से हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नितेश की हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम संबंध मुख्य वजह थी। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी युवक और युवती उत्तर प्रदेश के प्रयागराज भाग निकले थे, जबकि उनके तीन साथी रायपुर में ही रहकर पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रख रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने कल प्रयागराज से युवक-युवती को और रायपुर से उनके तीन सहयोगियों को हिरासत में लिया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पकड़े गए सभी पांचों आरोपियों से पूछताछ पूरी कर ली गई है। आज 3 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे अभनपुर थाने में दर्ज इस अंधे कत्ल की पूरी साजिश और आरोपियों की भूमिका का आधिकारिक खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *