रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। सेना ने आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। पात्र उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
गौरतलब है कि इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ की गई थी। भर्ती नियमों के अनुसार, 17 वर्ष 6 माह से लेकर 21 वर्ष तक की आयु के युवा इस प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं। शैक्षणिक योग्यता के तहत विभिन्न पदों के लिए 8वीं पास से लेकर स्नातक और डिप्लोमा धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन ने युवाओं की सुविधा के लिए बनाए हेल्प डेस्क रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं की सहायता के लिए ब्लॉक स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा जनपद पंचायतों, नगर निकायों, शासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेजों और रोजगार कार्यालयों में सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन करने में कोई समस्या आती है, तो वह रायपुर स्थित जिला रोजगार कार्यालय में स्थापित सेना भर्ती हेल्प डेस्क से सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।