कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: गंडक नहर में 30 फीट नीचे गिरी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 की मौत और 17 घायल


कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लगभग 30 फीट नीचे जाकर पलट गई। इस हृदयविदारक हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

स्नान के लिए जा रहे थे 50 श्रद्धालु

यह पूरा मामला जिले के घुघली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बड़हरा गांव के रहने वाले करीब 50 श्रद्धालु चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर रायणी नदी में स्नान करने के लिए भैंसहा जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली टोला सिसई के पास पहुंची, मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर बनी सड़क पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होकर पूरी ट्रॉली 30 फीट नीचे नहर में जा गिरी, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैक्टर की मदद से ट्रॉली को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल तुर्कहा सीएचसी भेजा गया। मैदानी सूत्रों का कहना है कि गनीमत रही कि नहर में पानी का स्तर कम था, जिससे और अधिक जनहानि होने से टल गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों को तत्काल और समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *