जम्मू/रायपुर। पहलगाम आतंकी हमले की बरसी से ठीक पहले पाकिस्तान ने एक बार फिर सीमा पर नापाक हरकत की है। जम्मू के कनाचक सेक्टर में पाकिस्तानी पोस्टों से भारतीय सेना के रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (RPA) यानी ड्रोन पर फायरिंग की गई है। हालांकि, इस घटना में भारतीय ड्रोन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन पाकिस्तान की इस उकसावे वाली कार्रवाई के बाद नियंत्रण रेखा (LoC) पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है।
पाकिस्तानी पोस्टों से दागे गए 5 राउंड फायर
रिपोर्ट के मुताबिक, बीती रात जब भारतीय RPA अपने ही क्षेत्र में नियमित निगरानी और सॉर्टी कर रहा था, तभी पाकिस्तान की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। कनाचक सेक्टर में स्थित पाकिस्तानी पोस्टों से कुल 5 राउंड फायर किए गए। इनमें से 4 राउंड पाकिस्तानी पोस्ट ‘खेरी’ और 1 राउंड ‘असलम’ पोस्ट से दागा गया। भारतीय ड्रोन सुरक्षित तरीके से अपने बेस पर वापस लौट आया है, लेकिन सेना अब और अधिक सतर्क हो गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से रिश्तों में तल्खी
दरअसल, यह घटना ऐसे संवेदनशील समय पर हुई है जब दोनों देशों के बीच पहले से ही कड़वाहट चरम पर है। पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए 9 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। तब से सीमा पार से होने वाली किसी भी गतिविधि पर भारतीय सेना की पैनी नजर है। जानकारों का मानना है कि पाकिस्तान की यह हरकत एक बड़ी सैन्य उथल-पुथल की चिंगारी बन सकती है।
सीमा के पास बढ़ी संदिग्ध गतिविधियां
मैदानी सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में LoC के पास पाकिस्तान की संदिग्ध गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। भारतीय सीमा के पास लगातार पाकिस्तानी ड्रोन और गुब्बारे देखे जा रहे हैं। इसके साथ ही खुफिया इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी लॉन्च पैड्स पर हलचल तेज है और वहां से आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की कोशिशें की जा रही हैं।
भारतीय सेना अलर्ट पर
गौरतलब है कि पाकिस्तान द्वारा लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है, जिसका भारतीय सेना पूरी मजबूती से जवाब दे रही है। कनाचक सेक्टर की घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) और थल सेना के जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह के उकसावे का करारा जवाब दिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और तकनीक के माध्यम से हर हरकत पर नजर रखी जा रही है।