जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह वारदात मुलमुला थाना क्षेत्र के खपरी गांव की है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
मृतकों की पहचान छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बीती रात अपने घर में सो रहे थे, इसी दौरान बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की कार्यवाही शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर खून से सने हुए पैरों के निशान मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा रहा है। मामले में सबसे संदिग्ध पहलू यह है कि घटनास्थल से होली का एक मुखौटा भी बरामद किया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से मुखौटे का उपयोग किया था।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इस वारदात को लूट या चोरी की नीयत से अंजाम दी गई हत्या मान रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है और पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।