भानुप्रतापपुर।नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 09 में लंबे समय से जारी लो वोल्टेज की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। परेशान वार्डवासियों ने पार्षद तुषार ठाकुर के नेतृत्व में बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
बताया जा रहा है कि वार्ड निवासी हरजिंदर सिंह पोथीवाल और राधे साहू सहित कई लोगों को लगातार बिजली की कम वोल्टेज के कारण दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पंखे, कूलर, मोटर और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पार्षद तुषार ठाकुर ने बताया कि वे पिछले 5 वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वार्डवासी एकजुट होकर बिजली कार्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वार्डवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग की उदासीनता से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है।
अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग इस चेतावनी के बाद कितनी जल्दी हरकत में आता है या फिर स्थिति आंदोलन तक पहुंचती है।
