गढ़कलेवा चौपाटी में चोरी की अनोखी वारदात, नकदी छोड़ केवल गैस सिलेंडर ले उड़े चोर

कोरबा। शहर के घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में बीती रात चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर नकदी को हाथ तक नहीं लगाया और केवल कीमती गैस सिलेंडर पार कर दिए। इस घटना के बाद चौपाटी के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि यहां 60 से अधिक दुकानें संचालित होती हैं। बीती रात चोरों ने मनोज मंचूरियन और जगदीश नामक व्यवसायियों की दुकानों को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने गल्ले में रखी नकदी को छोड़कर सिर्फ गैस सिलेंडरों की चोरी की। घटना की औपचारिक शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिलेंडर की किल्लत से व्यवसाय प्रभावित

स्थानीय व्यवसायी रमेश वर्मा के अनुसार, बाजार में वर्तमान में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत चल रही है। सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और ऊंचे दामों पर मिल रहे हैं। चोरी की इस घटना के बाद सिलेंडर न होने के कारण कई दुकानदारों को मजबूरी में अपनी दुकानें बंद रखनी पड़ रही हैं, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गढ़कलेवा चौपाटी जैसे सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती नहीं की गई है। सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण ही असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *