खौफनाक मंजर: पीठ में 2 इंच धंसा रहा चाकू और अस्पताल पहुंच गई नर्स, सरेराह हमले से कांप उठा कोरबा

कोरबा। शहर में दिनदहाड़े नर्स पर चाकू से हमला होने की घटना से हड़कंप मच गया। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंचवटी मार्ग की है। नर्स स्कूटी से अस्पताल ड्यूटी के लिए जा रही थी, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

हमले के बाद घायल युवती ने अपने परिचित को फोन कर मदद के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि चाकू करीब दो इंच तक पीठ में धंसा हुआ था। इसी हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।

पीड़िता पंप हाउस क्षेत्र की निवासी है और निहारिका के पास स्थित एक लैब में कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *