मुंबई। निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के तमाम पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। फिल्म के प्रति दर्शकों का क्रेज इस कदर है कि इसने रिलीज के मात्र 7 दिनों के भीतर वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने बाहुबली 2 और पुष्पा 2 जैसी दिग्गज फिल्मों की श्रेणी में अपनी जगह बना ली है।
बुधवार को फिल्म ने एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। वर्किंग डे होने के बावजूद धुरंधर 2 ने बुधवार को 47.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो बॉलीवुड इतिहास में किसी भी फिल्म का बुधवार के दिन का सबसे बड़ा संग्रह है। इससे पहले यह रिकॉर्ड शाहरुख खान की फिल्म के नाम था, जिसने पहले बुधवार को 32 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
सबसे तेज 600 करोड़ क्लब में एंट्री
कमाई की इस रफ्तार के साथ धुरंधर 2 ने केवल 7 दिनों में कुल 623 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। बॉलीवुड में 600 करोड़ के क्लब तक पहुंचने में जहां जवान को 25 दिन और स्त्री 2 को 39 दिन लगे थे, वहीं धुरंधर 2 ने यह उपलब्धि महज एक सप्ताह में हासिल कर ली है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने अब तक करीब 586 करोड़ रुपये की कमाई की है और उम्मीद है कि गुरुवार तक यह पुष्पा 2 के 13 दिनों में 600 करोड़ रुपये कमाने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देगी।
वैश्विक स्तर पर भी भारी मांग
भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने 7 दिनों में 262 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में धुरंधर 2 अब पुष्पा 2 की बराबरी पर पहुंच गई है, जिसने 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने के लिए 7 दिन लिए थे।
फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि गुरुवार को रामनवमी की छुट्टी और उसके बाद शुरू होने वाले दूसरे वीकेंड का फिल्म को बड़ा फायदा मिलेगा। थिएटर्स में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि धुरंधर 2 आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस के कई और बड़े कीर्तिमान स्थापित करेगी।