नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार में आई तेजी के असर से बुधवार को भारतीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अप्रैल वायदा के लिए एमसीएक्स पर सोने का भाव पिछले बंद भाव 1,42,195 रुपये के मुकाबले 3 प्रतिशत बढ़कर 1,46,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसी तरह मई वायदा अनुबंधों के लिए चांदी की कीमतों में भी 4 प्रतिशत का उछाल देखा गया और यह 2,32,898 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।
वैश्विक बाजार में हाजिर सोने की कीमतों में 2.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे भाव 4,568.29 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी सोने का वायदा भाव भी 3.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,569.40 डॉलर दर्ज किया गया। चांदी की हाजिर कीमतों में 3.8 प्रतिशत का सुधार हुआ और यह 73.94 डॉलर प्रति औंस के स्तर को छू गई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य पूर्व में ईरान युद्ध को समाप्त करने की अमेरिकी योजना की खबरों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं की चमक पर पड़ा है। वर्तमान में सोने की कीमतें संघर्ष से पहले के स्तरों के मुकाबले लगभग 17 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रही हैं, लेकिन ताजा उछाल ने निवेशकों और खरीदारों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।