चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ के लिए चलेंगी स्पेशल मेमू ट्रेनें, रेलवे ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Train Cancellation

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। डोंगरगढ़ स्टेशन पर इस दौरान लंबी दूरी की 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव सुनिश्चित किया गया है। इन ट्रेनों में बिलासपुर–भगत की कोठी, भगत की कोठी–बिलासपुर, बिलासपुर–बीकानेर, बीकानेर–बिलासपुर, बिलासपुर–चेन्नई, चेन्नई–बिलासपुर, बिलासपुर–पुणे, पुणे–बिलासपुर, रायपुर–सिकंदराबाद और सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा रायपुर और डोंगरगढ़ के बीच विशेष मेमू (MEMU) ट्रेन संचालित की जाएगी। साथ ही कोरबा–इटवारी (नागपुर) के मध्य विशेष मेमू ट्रेन (06883/06884) भी चलाई जाएगी, जो डोंगरगढ़ स्टेशन पर सुबह और दोपहर के समय उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त डोंगरगढ़–दुर्ग के बीच भी स्पेशल ट्रेन की सुविधा प्रदान की गई है और कुछ नियमित मेमू ट्रेनों के परिचालन मार्ग में विस्तार किया गया है।

यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए डोंगरगढ़ स्टेशन परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सेवा, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस के साथ डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। रेलवे और मंदिर प्रशासन के समन्वय से पदयात्रियों के लिए पेयजल, भंडारा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *