बिलासपुर के व्यस्त प्रताप चौक में भीषण आग, कपड़ों का शोरूम जलकर खाक, लाखों का नुकसान

बिलासपुर। शहर के हृदय स्थल प्रताप चौक इलाके में देर रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रताप चौक स्थित साक्षी फैशन नाम की दुकान से देर रात अचानक धुआं निकलता देखा गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य दुकानदारों को सचेत किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के भीतर रखा रेडीमेड कपड़ों का बड़ा स्टॉक और अन्य कीमती सामान सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका।

शोरूम संचालक के मुताबिक, आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के माल का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है। दुकान संचालक ने किसी भी प्रकार की रंजिश या साजिश की आशंका से इनकार किया है।

शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। रात के सन्नाटे में भड़की इस आग को बुझाने के प्रयासों के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *