रायपुर। महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार को हुए रोपवे हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मृत्यु हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन को तत्काल सक्रिय कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस दुर्घटना में घायल हुए सभी श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मां खल्लारी से सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है। प्रशासन अब हादसे के तकनीकी कारणों की जांच में जुट गया है।