विधानसभा के बजट सत्र का सफल समापन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सफल और सार्थक समापन पर मंत्रीगण एवं विधायकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके विधानसभा स्थित कार्यालय में भेंट कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के बेहतर समन्वय और सहयोग से ही यह सत्र परिणामकारी बन पाया है।

मुख्यमंत्री साय ने सत्र की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए बताया कि इस दौरान कुल 15 बैठकें आयोजित की गईं। सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापित की गई और वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस सत्र के दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। उन्होंने इसे एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि इससे समाज की मुख्यधारा से जुड़ने वाले युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश गया है, जो राज्य की शांति और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी संपन्न हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, छत्तीसगढ़ नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक-2026 और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक-2026 जैसे महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए हैं। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने संबंधी विधेयक और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने इन विधेयकों को युवाओं के भविष्य और पारदर्शी भर्ती प्रणाली के लिए मील का पत्थर बताया।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पावन मंदिर है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना ही इसका मूल दायित्व है। उन्होंने सदन के सदस्यों द्वारा जनहित के विषयों और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की प्रशंसा की और इसे मजबूत लोकतंत्र का प्रमाण बताया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *