मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नेशनल डिफेंस कॉलेज के अध्ययन दल ने की मुलाकात, छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल की हुई सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज के सैन्य एवं सिविल सेवा अधिकारियों के अध्ययन दल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अध्ययन दल का नेतृत्व कर रहे एयर कमोडोर अजय कुमार चौधरी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के अनुभवों को साझा करते हुए राज्य की भौगोलिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक विशेषताओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सघन वनों, खनिज संपदा और समृद्ध लोक संस्कृति का अद्वितीय संगम है। उन्होंने बताया कि राज्य का लगभग 46 प्रतिशत भू-भाग वनों से आच्छादित है। श्री साय ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ वर्तमान में विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में सरप्लस राज्य है और पिछले दो वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से अब नक्सल समस्या समाप्ति की ओर है, जिससे प्रदेश में शांति और विकास की गति और तेज होगी।

कृषि और महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रभावी नीति लागू है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।

अध्ययन दल में शामिल विदेशी सैन्य अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ प्रवास को अद्भुत और यादगार बताया। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र की जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा की। एयर कमोडोर अजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्पष्ट नेतृत्व और सशक्त नीति के कारण प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा है और सुरक्षाबलों का मनोबल भी बढ़ा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *