छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती पर गर्माई सियासत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार में अफीम की खेती पकड़े जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद से गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और राज्य के युवाओं को नशे के जाल में धकेला जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने नगरी सिहावा क्षेत्र को लेकर भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली अपुष्ट जानकारी के अनुसार एक भाजपा नेता के करीब 20 एकड़ के फार्महाउस में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी। बघेल ने आरोप लगाया कि जैसे ही उन्होंने इस मामले को सार्वजनिक तौर पर उठाया, संबंधित स्थान पर खड़ी अफीम की फसल को आनन-फानन में बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

बघेल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े लोग पूरे प्रदेश को नशे के अंधेरे में डुबाने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार अलग-अलग जिलों में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस मामले में सत्ता पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद नशे के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *