रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी सात विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस भव्य आयोजन में देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग 3000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान पुरुष और महिला वर्गों के मुकाबले राजधानी रायपुर सहित बस्तर संभाग के जगदलपुर और सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में आयोजित किए जाएंगे। इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के कुल 164 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में खेल मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान और स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम कोटा में फुटबॉल की स्पर्धाएं होंगी। वहीं, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी, अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में तैराकी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ओपन मैदान में तीरंदाजी और विश्वविद्यालय के ओपन ग्राउंड में वेट-लिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में कुश्ती के मुकाबले होंगे। इस आयोजन की एक खास बात यह है कि इसमें दो पारंपरिक खेलों, कबड्डी और मलखंब को डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है। कबड्डी की स्पर्धाएं रायपुर के सरदार बलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम में और मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा राष्ट्रीय मंच मिलने की उम्मीद है।
