रायपुर। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद यह महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, रवि मित्तल का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि के लिए होगा या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी का पद केंद्र सरकार की नीतिगत समन्वय और उच्चस्तरीय निर्णय लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आईएएस रवि मित्तल वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन में जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे जशपुर जिले के कलेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राज्य के एक युवा अधिकारी का चयन देश के सबसे प्रभावशाली कार्यालय के लिए होना प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब वे जल्द ही दिल्ली में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।