दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेडीयू विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत

पटना। बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए गुरुवार 19 मार्च 2026 को जमानत दे दी है। जेडीयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोप में पटना की बेऊर जेल में बंद थे।

अदालत ने विधायक की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें रिहा करने का आदेश दिया है। यह मामला अक्टूबर 2025 का है, जब मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान जन सुराज पार्टी के समर्थक और पूर्व आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने अनंत सिंह को मुख्य आरोपी के रूप में नामजद करते हुए गिरफ्तार किया था। निचली अदालतों से पूर्व में याचिकाएं खारिज होने के बाद अब हाईकोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद उनके जल्द जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है।

मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के घोसवरी थाना अंतर्गत बसावनचक में दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। वे उस समय मोकामा से जन सुराज प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। पुलिस ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान ही 1 नवंबर की रात अनंत सिंह को गिरफ्तार कर 2 नवंबर को बेऊर जेल भेज दिया था। करीब साढ़े चार महीने जेल में रहने के बाद उन्हें कानूनी राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए ही मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। बीते 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए वे विधानसभा पहुंचे थे, जहां उन्होंने जेल से जल्द बाहर आने का भरोसा जताया था। इसके साथ ही अनंत सिंह ने भविष्य में खुद चुनाव न लड़ने और अपनी राजनीतिक विरासत बड़े बेटे को सौंपने का भी ऐलान किया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *