मुंबई। फिल्म धुरंधर 2 की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसके किरदारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के दूसरे भाग में कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा सस्पेंस बड़े साहब के किरदार को लेकर बना हुआ था। पहले भाग में केवल इस नाम का जिक्र हुआ था, जिसे दर्शकों ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जोड़कर देखा था। अब फिल्म की रिलीज के साथ ही इस रहस्य से पर्दा उठ गया है।
फिल्म में बड़े साहब का किरदार असल में दाऊद इब्राहिम को ही संबोधित करता है। फिल्म के एक दृश्य में जब मुख्य किरदार हमजा उससे मिलने पहुंचता है, तब दीवार पर दाऊद के युवा दिनों की तस्वीर और प्रोस्थेटिक मेकअप के साथ बेड पर लेटे बड़े साहब की झलक दिखाई देती है। इंटरनेट पर इस किरदार को निभाने वाले अभिनेता के नाम को लेकर लंबे समय से सलमान खान, अक्षय कुमार और इमरान हाशमी जैसे बड़े सितारों के नाम की अफवाहें उड़ रही थीं। हालांकि, निर्देशक आदित्य धर ने किसी बड़े सितारे के बजाय मंझे हुए कलाकार दानिश इकबाल को इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए चुना है।
दानिश इकबाल फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं और अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाते हैं। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से अभिनय की बारीकियां सीखने वाले दानिश नेशनल अवॉर्ड विनर भी हैं। उन्होंने अपने करियर में फिल्मों और वेब सीरीज के साथ-साथ थिएटर में भी बड़ा योगदान दिया है। इससे पहले वे सीरीज महारानी 2 में दिलशाद मिर्जा के किरदार से काफी लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने भक्षक, द हंट और नाना पाटेकर की फिल्म संकल्प में भी प्रभावशाली भूमिकाएं निभाई हैं।
हॉलीवुड फिल्म अ माइटी हार्ट में एंजेलीना जॉली के साथ काम कर चुके दानिश इकबाल ने धुरंधर 2 में अपने अभिनय और लुक से दर्शकों को चौंका दिया है। निर्देशक के इस फैसले की सराहना हो रही है कि उन्होंने किरदार की गहराई को देखते हुए एक अनुभवी थिएटर आर्टिस्ट पर भरोसा जताया। फिल्म की रिलीज के बाद अब सोशल मीडिया पर दानिश के काम की क्लिप्स तेजी से वायरल हो रही हैं।