जांजगीर-चांपा। जिले में आज सुबह एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार शिक्षिका और 10 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सरस्वती ज्ञान मंदिर कुथुर की वैन मुड़पार गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। वैन में करीब 15 बच्चे और एक शिक्षिका सवार थे। इसी दौरान रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं कुछ के हाथ-पैर घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि नियमित ड्राइवर के नहीं आने के कारण स्कूल के प्रिंसिपल स्वयं वैन चला रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों और घायल शिक्षिका को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में सभी का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।