रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिविर में स्वयं अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों में आ रही कमी के कारण कई प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में बीमारियों से बचने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
मुख्यमंत्री ने नियमित जांच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से व्यक्ति समय रहते जागरूक हो सकता है। इससे आवश्यक सावधानी अपनाते हुए गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की नींव होते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा की गई इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर न केवल लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि उन्हें अपनी सेहत के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।