राजधानी में चाकूबाजी की चार वारदातें: 24 घंटे के भीतर आठ लोग घायल, पुलिस ने 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार

UP Crime News :

रायपुर। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी की चार बड़ी घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शहर के कालीबाड़ी गांधी नगर, मौदहापारा, डीडी नगर और डबरापारा इलाकों में हुई इन वारदातों के पीछे आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई मुख्य वजह बताई जा रही है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान चाकू से किए गए हमले में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया। इस मामले में पुलिस ने रवि रक्सेल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वहीं सिटी कोतवाली क्षेत्र के कालीबाड़ी गांधीनगर में पड़ोसियों के बीच पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ। यहां बदमाशों ने एक युवक, उसके साथी और बीच-बचाव करने आई उसकी बहन पर चाकू से वार किया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 घंटे के भीतर इस मामले के तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

डीडी नगर क्षेत्र में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने भी हिंसक रूप ले लिया। यहां कुछ लोगों ने एक घर में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की और एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहर में लगातार बढ़ती इन वारदातों से स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा का भाव है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *