काबुल अस्पताल हमले की भारत ने की कड़ी निंदा, पाकिस्तान के दावों को बताया गुमराह करने वाला

नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर हुए हमले की भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की है। भारत सरकार ने इस घटना को सैन्य अभियान मानने से इनकार करते हुए इसे निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाली कायराना और अमानवीय हिंसा करार दिया है। भारत ने सीधे तौर पर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह अब इस पूरे मामले को छिपाने और गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

भारत सरकार के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि किसी भी स्थिति में अस्पताल जैसे संस्थान को निशाना नहीं बनाया जा सकता। पाकिस्तान द्वारा इसे सैन्य ऑपरेशन बताया जाना पूरी तरह गलत है, क्योंकि यह सीधे तौर पर नागरिकों पर किया गया हमला है। भारत ने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए चेतावनी दी है कि ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में तनाव और अधिक गहरा सकता है।

विशेष रूप से रमजान के पवित्र महीने में इस तरह की हिंसा को भारत ने बेहद शर्मनाक बताया है। बयान में कहा गया है कि जब पूरी दुनिया शांति और इंसानियत की बात कर रही है, तब अस्पताल पर हमला करना पाकिस्तान की बर्बर मानसिकता को दर्शाता है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अंत में भारत ने अफगानिस्तान की जनता के प्रति अपनी एकजुटता प्रकट की है। सरकार ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *