भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य पुलिस विभाग में जल्द ही बंपर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा ने इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है।
इस नई भर्ती के तहत लगभग 10 हजार पदों को भरा जाएगा। इनमें 7500 आरक्षक, 1000 ड्राइवर और 1200 मिनिस्ट्रियल स्टाफ के पद शामिल हैं। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में आरक्षक के करीब 13 हजार पद रिक्त हैं। विभाग में पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त होते हैं, जिससे बल की उपलब्धता प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहले ही प्रदेश में कुल 22 हजार पदों पर भर्ती करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल, वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूर्ण होते ही आगामी भर्तियों का रास्ता साफ हो जाएगा।