रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और तेज धूप से जूझ रहे लोगों को रविवार को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के चलते आगामी दिनों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक द्रोणिका उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण और उत्तर के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के साथ गरज-चमक और छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही, कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने और बिजली गिरने (वज्रपात) को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के जिलों में मौसम के इस बदलाव का अधिक असर दिखाई दे सकता है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो आज यहां का मौसम घूमने-फिरने के लिए अनुकूल रहने के आसार हैं। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
बीते शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान बिलासपुर में सबसे अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।