सारंगढ़ में राइस मिल में लगी भीषण आग, हजारों क्विंटल धान जलकर खाक

सारंगढ़। शहर से करीब छह किलोमीटर दूर कटेली रोड पर स्थित केजरी राइस मिल में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में मिल के भीतर रखा हजारों क्विंटल धान जलकर खाक हो गया है, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिल परिसर में धान के स्टॉक के साथ ही सूखे छिलकों (भूसे) की मौजूदगी ने आग को और अधिक भड़का दिया। मिल में बड़ी मात्रा में धान होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। खबर लिखे जाने तक पिछले दो घंटों से राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और मिल के कर्मचारी भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मौके पर जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद हैं।

आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मिल के आसपास खेतों में पराली जलाने के कारण आग की चिंगारी वहां तक पहुंची हो सकती है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *