रायगढ़: जुआ रेड में लापरवाही पर चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच, एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

रायगढ़। जिले के रैरूमाखुर्द क्षेत्र में जुआ संचालन की सूचना छिपाने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी और बीट के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।

मामले के अनुसार, 11 मार्च को एसएसपी को सूचना मिली थी कि चौकी रैरूमाखुर्द के अंतर्गत बरपाली जंगल में जुआ खेला जा रहा है। इस संबंध में जब एसएसपी ने चौकी प्रभारी से जानकारी मांगी, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रेड कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन तथा 10,600 रुपये नगद बरामद किए।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, सूचना संकलन में विफलता और पदीय कर्तव्यों में लापरवाही के कारण चौकी प्रभारी और बीट आरक्षक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही, थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को रैरूमाखुर्द चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा या अवैध शराब जैसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित प्रभारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ और ‘ऑपरेशन आघात’ जिले में लगातार जारी रहेगा और लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *