केंद्र सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों के लिए 1,912 करोड़ की अतिरिक्त सहायता मंजूर की, छत्तीसगढ़ को मिलेंगे 15.70 करोड़ रुपये

रायपुर। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 में आई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में आपदा प्रभावित राज्यों के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी गई है। इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को 15.70 करोड़ रुपये की सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

यह अतिरिक्त सहायता राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से जारी की जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाना है। केंद्र सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आपदा की स्थिति में राज्यों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

यह राशि राज्यों को पहले से जारी संसाधनों के अतिरिक्त दी जा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए पहले ही व्यापक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है। आंकड़ों के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के माध्यम से 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपये और एनडीआरएफ के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

इसके अलावा, आपदा जोखिम को कम करने और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए राज्य आपदा शमन कोष (एसडीएमएफ) से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा शमन कोष (एनडीएमएफ) से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये की राशि भी आवंटित की गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *