रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अविभाजित मध्य प्रदेश विधानसभा की पूर्व सदस्य श्रीमती मंगली बाई रावटे के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री ने उन्हें याद करते हुए कहा कि मंगली बाई रावटे अत्यंत सरल, विनम्र और समाजसेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में सदैव समाज के लोगों के सुख-दुख में साथ निभाया और सहयोग की भावना से काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके व्यक्तित्व में मानवीय संवेदनाएं और सामाजिक प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से झलकती थी। उनके जाने से समाज ने एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा खलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने सदन की ओर से दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।