रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा इलाके स्थित एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाई गईं उज्बेकिस्तान की दो युवतियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हिरासत में लिए जाने के तीन महीने बाद भी वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
तेलीबांधा पुलिस को 9 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल एरिना बुटिक में दो विदेशी युवतियां ठहरी हुई हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के दौरान युवतियां अपने पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकीं। इसके बाद उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया था।
तेलीबांधा थाना निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि बार-बार मौका दिए जाने के बावजूद 10 मार्च 2026 तक युवतियों ने अपनी पहचान या यात्रा संबंधी कोई प्रमाण नहीं दिया। लंबी चुप्पी और सहयोग न करने के कारण पुलिस ने उनके खिलाफ आव्रजन और विदेशी विषयक अधिनियम 2025 की धारा 3, 21 और 23 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब संबंधित दूतावास से संपर्क कर रही है। दूतावास की औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद इन युवतियों को वापस उनके देश डिपोर्ट करने की तैयारी की जा रही है।