शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 829 अंक टूटकर 76 हजार के करीब बंद

Bombay Stock Market

मुंबई। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भी भारी बिकवाली का माहौल रहा। बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंकों यानी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,034.42 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत लुढ़ककर 23,639.15 के स्तर पर आ गया। बाजार ने सुबह ही लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत की थी जो दिन भर जारी रही।

सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी 50 की 50 में से 40 कंपनियां लाल निशान में रहीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा 4.23 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके अलावा मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और अल्ट्राटेक सीमेंट जैसे प्रमुख शेयरों में भी बड़ी गिरावट रही।

हालांकि, कुछ चुनिंदा शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में एनटीपीसी का शेयर सबसे ज्यादा 2.79 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा के शेयरों ने बाजार में कुछ हद तक सहारा देने का काम किया।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों में घबराहट है, जिसके चलते वे अपने निवेश को सुरक्षित करने के लिए बिकवाली कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *