गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है, जिसमें आईईडी बनाने की सामग्री और भारी मात्रा में विस्फोटक मौजूद थे।
सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन की एफ कंपनी, जिला पुलिस बल और ई-30 की टीम को 12 मार्च को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर कुल्हारीघाट, देवडोंगर, चारडीह और रानीभरझोला के जंगलों में सघन सर्च अभियान और एरिया डोमिनेशन शुरू किया गया।
सर्चिंग के दौरान रानीभरझोला के जंगलों में सुरक्षा बलों को एक संदिग्ध स्थान मिला। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से की गई खुदाई में नक्सलियों का छिपाया गया डंप बरामद हुआ। इसमें इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक फ्यूज, कॉर्डेक्स वायर, विस्फोटक पाउडर, पावर सोर्स, ट्रिगर मैकेनिज्म और कमांड वायर जैसी घातक सामग्रियां मिली हैं। इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह डंप नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। फिलहाल सुरक्षा बलों द्वारा संबंधित इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।